
इनडोर परीक्षणों में लेजर डैजलर तकनीक ने 100 मीटर तक प्रभाव दिखाया है, जबकि प्राप्त आंकड़े भविष्य में एक किलोमीटर से अधिक दूरी पर लेजर आधारित एंटी-ड्रोन ऑपरेशन की संभावनाओं को समर्थन देते हैं।
अमेरिकी रक्षा कंपनी NUBURU ने अपनी लेजर डैजलर काउंटर-ड्रोन तकनीक के शुरुआती परीक्षणों के उत्साहजनक परिणामों की जानकारी दी है। यह परीक्षण इटली की रक्षा कंपनी Tekne के साथ NUBURU Defense Italian Plan के तहत किया गया।
इटली में Tekne की सुविधाओं पर हुए इन परीक्षणों में यह जांच की गई कि डायरेक्टेड-एनर्जी सिस्टम (Directed Energy System) ड्रोन यानी UAV के इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सेंसर को बाधित करने में कितना सक्षम है।
ये परीक्षण एक नियंत्रित इनडोर वातावरण में किए गए, जहां दुश्मन ड्रोन से निपटने जैसी स्थिति तैयार की गई थी। NUBURU के अनुसार, उसकी लेजर डैजलर तकनीक ने ड्रोन के ऑप्टिकल सेंसर को इतना प्रभावित किया कि वह दृश्य लक्ष्यों को पहचानने और ट्रैक करने में असमर्थ हो गया।
कंपनी के अनुसार, इंजीनियरों ने अलग-अलग परीक्षण परिस्थितियों में सेंसर को बाधित करने में सफलता दर्ज की। इन परिणामों से भविष्य में इस तकनीक के विकास और Tekne के सामरिक रक्षा सिस्टम में इसके इस्तेमाल के लिए महत्वपूर्ण डेटा मिला है।
एक सामरिक परीक्षण में, लक्ष्य को पहचानने और ट्रैक करने वाले ड्रोन ने ऑपरेटर को नहीं पहचान पाया। इसके कारण ऑपरेटर लगभग 20 मीटर की दूरी तक बिना पता चले ड्रोन के करीब पहुंच गया।
कंपनी का कहना है कि यह तकनीक नजदीकी काउंटर-ड्रोन ऑपरेशन में कर्मियों को छिपाने और हवाई खतरों से निपटने के लिए भविष्य में उपयोगी साबित हो सकती है।




